शनिवार, 26 मार्च 2016

दैनिक समाचार सारांश, 25 मार्च 2016

दैनिक समाचार सारांश, 25 मार्च 2016   


भारतीय रेलवे ने वरिष्ठ नागरिकों के लिए सीटों का कोटा 50 फीसदी बढ़ाया:
  • रेलमंत्री सुरेश प्रभु की बजट में की गई घोषणा के अनुसार रेल मंत्रालय ने 23 मार्च 2016 को वरिष्ठ नागरिकों के लिए रेलगाड़ियों में आरक्षण कोटा बढ़ाने एवं माल भाड़े को तर्कसंगत करने की घोषणा की। यह एक अप्रैल से प्रभावी हो जाएगी।
  • मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि 45 साल और इससे अधिक उम्र की महिलाएं और गर्भवती महिलाएं जब अकेले यात्रा कर रही हों तो वैसी महिलाओं के लिए शयनयान श्रेणी, एसी-2 और एसी-3 की प्रत्येक बोगी में दो नीचे की सीटें आरक्षित रहेंगी। वर्ष 2015 में शयनयान श्रेणी की प्रत्येक बोगी में दो नीचे वाली सीटों का जो कोटा था, उसे बढ़कर चार कर दिया गया था। बाद में ‘केवल तभी जब अकेले यात्रा कर रही हो’ वाली शर्त को भी शिथिल कर दिया गया था।
  • यह कहा गया है कि फिलहाल यह कोटा उपलब्ध है, जिसमें एक ही आवेदन पर दो यात्री जिनमें एक वरिष्ठ नागरिक या 45 साल से अधिक उम्र की महिला या गर्भवती महिला हो तो इसका लाभ ले सकते हैं। इस कोटे को बढ़ाकर शयनयान श्रेणी में छह नीचे की सीटें और एसी-2 और एसी-3 में तीन नीचे की सीटें कर दी गई हैं।
इसरो ने तिरुपति में GIRI राडार प्रणाली स्थापित की:
  • 21 मार्च 2016 को इसरो ने आंध्रप्रदेश के तिरुपति में गान्दकी आयनमंडलीय राडार इंटरफेरोमीटर (गिरी, GIRI) की स्थापना की है। राष्ट्रीय वायुमंडलीय अनुसंधान प्रयोगशाला में आयनमंडलीय उल्का तथा अंतरिक्ष अनुसंधान हेतु एक नई व्यापक राडार प्रणाली गान्दकी आयनमंडलीय राडार इंटरफेरोमीटर (गिरी) की स्थापना की गई।
  • गान्दकी आयनमंडलीय राडार इंटरफेरोमीटर:
    • इसमें 30 मेगा हर्ट्ज की राडार प्रणाली है, जिससे व्यापक स्तर पर आयन मंडलीय उल्का तथा अंतरिक्ष अनुसंधान के क्षेत्र में कार्य किया जा सकता है। इसमें 20 x 8 मैट्रिक्स के 160 दो-अवयव वाले यागी ऐन्टेकना आयतीय एंटीना व्यूह लगे हुए हैं। इसके अतिरिक्त यह 160 कि.वा. का अधिकतम पावर प्रदान करने वाले बीस ट्रांसमीटर यूनिट, आंकड़ा संसाधन प्रणाली से युक्त 6 अंकीय अभिग्राही, एक राडार नियंत्रक तथा एक होस्टस कंप्यू़टर से सुसज्जित है।
    • इसका मुख्य उद्देश्य आयनमंडलीय विसंगतियों पर सूर्य से (उदाहरणतः सौर फ्लक्स, सौर स्फुरण, चुंबकीय तूफान में परिवर्तन) तथा नीचे वायुमंडल से (उदाहरणस्वरुप - मौसम की घटना द्वारा जनित तरंगें) आने वाले बल के अध्यपयन हेतु गैर- अवलोकित प्रेक्षणों को आयोजित करना है। गान्दकी के आस-पास 100 देशांतर की पट्टी को आवृत्त करते हुए आयनमंडलीय विसंगतियों के आकाशीय मानचित्र प्रदान करना।
बोस्निया नरसंहार के आरोपी सर्बियाई नेता कैराजिच को 40 वर्ष की सज़ा सुनाई गई:
  • 24 मार्च 2016 को पूर्व बोस्नियाई सर्ब नेता रादोवान कैराजिच को बोस्निया नरसंहार और युद्ध अपराध के लिए 40 साल जेल की सज़ा सुनाई गई। संयुक्त राष्ट्र के जजों ने हेग में मौजूद अंतरराष्ट्रीय अदालत में उन्हें 11 में से 10 मामलों में दोषी पाया। इनमें 1995 में स्रेब्रेनिका नरसंहार का मामला भी शामिल है। यह मामले 1992 से 1995 के बीच के हैं।
  • 70 वर्षीय कैराजिच उन वरिष्ठ राजनीतिक नेताओं में हैं, जिन पर यूगोस्लाविया के विघटन के मामले में फ़ैसला सुनाया गया। मुक़दमे में कैराजिच ने स्वयं अपनी पैरवी की, जो आठ साल तक चला। उन्हें सरायेवो में 12 हज़ार लोगों की हत्या के मामले में मानवता के ख़िलाफ़ अपराध के मामले में भी दोषी पाया गया।
  • लगभग एक लाख लोग बोस्नियाई संघर्ष में मारे गए थे। यह संघर्ष क़रीब चार वर्ष तक चला था, जिसका अंत अमेरिका की मध्यस्थता के बाद 1995 में एक समझौते के रूप में हुआ था।
न्यायमूर्ति प्रमोद कोहली को केन्द्रीय प्रशासनिक अधिकरण का अध्यक्ष नियुक्त किया गया:
  • 23 मार्च 2016 को मंत्रिमंडल की नियुक्ति समिति  ने न्यायमूर्ति (सेवानिवृत्त) प्रमोद कोहली की केंद्रीय प्रशासनिक न्यायाधिकरण (कैट) के अध्यक्ष के रूप में नियुक्ति को स्वीकृति दी। वे सिक्किम उच्च न्यायालय के पूर्व मुख्य न्यायाधीश हैं।
  • वे अध्यक्ष के रूप में पदभार ग्रहण करने की तिथि से 5 वर्षों के लिए या 68 वर्ष की आयु तक, जो भी पहले हो, कार्यरत रहेंगे।
  • केंद्रीय प्रशासनिक न्यायाधिकरण (कैट):
    • भारत के संविधान के भाग 14 ए के अनुछेद 323 ए में केंद्रीय प्रशासनिक न्यायाधिकरण (कैट) के बारे में उल्लेख किया गया है। यह अनुछेद 42वे संशोधन, 1976 के तहत शामिल किया गया था। केंद्रीय प्रशासनिक न्यायाधिकरण अधिनियम, 1985 के तहत केंद्रीय प्रशासनिक न्यायाधिकरण की  स्थापना नवम्बर 1985 में दिल्ली, मुंबई, कलकत्ता और इलाहाबाद में किया गया।
    • वर्तमान में केंद्रीय प्रशासनिक न्यायाधिकरण की 17 नियमित पीठ है। कैट में एक अध्यक्ष, 16 उपाध्यक्ष और 49 सदस्य शामिल हैं जिनकी नियुक्ति राष्ट्रपति द्वारा की जाती है।
विश्व क्षय रोग दिवस: 24 मार्च
  • 24 मार्च 2016 को विश्व क्षय रोग दिवस विश्व भर में मनाया गया। इस वर्ष का थीम है - ‘यूनाइट टू एंड टीबी (Unite to End TB)’।
  • इस दिवस को वैश्विक महामारी क्षय रोग (टीबी) को खत्म करने और इसके बारे में जनता में जागरूकता पैदा करने के लिए मनाया जाता है। विश्व टीबी दिवस विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) द्वारा चिह्नित आठ सरकारी वैश्विक सार्वजनिक स्वास्थ्य अभियानों में से एक है।
  • अन्य सात में विश्व स्वास्थ्य दिवस, विश्व रक्त दाता दिवस, विश्व टीकाकरण सप्ताह, विश्व मलेरिया दिवस, विश्व तम्बाकू निषेध दिवस, विश्व हेपेटाइटिस दिवस और विश्व एड्स दिवस शामिल है।
  • विश्व क्षय रोग दिवस वर्ष 1882 में टीबी बेसिलस की खोज करने वाले डॉ रॉबर्ट कोच के जन्म दिवस पर 24 मार्च को प्रत्येक वर्ष मनाया जाता है। क्षय रोग (टीबी) माइकोबैक्टीरियम ट्यूबर क्लोसिस की वजह से होने वाली एक संक्रामक बीमारी है। यह बीमारी सांस और लोगों के फेफड़ों के माध्यम से एक व्यक्ति से दूसरे व्यक्ति में फैलता है।
शेन वॉटसन ने अन्तरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास की घोषणा की:
  • 24 मार्च 2016 को ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट खिलाड़ी एवं ऑलराउंडर शेन वॉटसन ने अन्तरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास की घोषणा की। वे भारत में चल रहे टी-20 विश्व कप के बाद अन्तरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलना छोड़ देंगे। वॉटसन ने अपने रिटायरमेंट की घोषणा ठीक उसी दिन की, जिस दिन 14 वर्ष पहले (2002) उन्होंने पहली बार ऑस्ट्रेलिया के लिए वनडे मैच खेला था।
  • शेन वॉटसन 34 वर्ष के हैं एवं 2002 से ऑस्ट्रेलिया के लिए खेल रहे हैं। उन्होंने अपना पहला मैच दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेला था। वॉटसन ने वर्ष 2015 में इंग्लैंड दौरे पर टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले लिया था। उन्होंने सितंबर 2015 के बाद से ऑस्ट्रेलिया के लिए कोई वनडे नहीं खेला।
  • शेन वॉटसन उन चुनिंदा खिलाड़ियों में से हैं, जिन्होंने क्रिकेट के तीनों फॉर्मेट को मिलाकर 10,000 रन बनाए एवं 250 विकेट लिए। उन्होंने कुल 190 एकदिवसीय मैचों में 40.54 की औसत के साथ 5757 रन बनाए तथा 168 विकेट लिए। टी-20 श्रृंखला में उन्होंने 56 मैचों में 28 की औसत के साथ 1400 रन बनाए तथा 46 विकेट लिए।
'फॉर्च्यून' की टॉप 50 नेताओं की सूची में केजरीवाल शामिल:
  • प्रतिष्ठि‍त बिजनेस मैगजीन 'फॉर्च्यून' ने दुनिया भर के 50 महान नेताओं की सूची जारी की है। इस बार दिल्ली के मुख्य्मंत्री अरविंद केजरीवाल ने इस सूची में जगह बनाई है। इस सूची में पहले नंबर पर अमेजॉन के जेफ बेजोस का नाम है। पिछले वर्ष इस सूची में पीएम मोदी लिस्ट में 5वें नंबर पर थे। जबकि भारत की ओर से अरविंद केजरीवाल को सूची में 42वें स्थान पर रखा गया है। दिल्ली के सीएम को प्रदूषण की समस्या से निपटने के लिए ऑड इवन फॉर्मूला लाने के कारण चुना गया है।
  • 'फॉर्च्यून' ने कहा है कि इस महत्वाकांक्षी स्कीम को लॉन्च कर केजरीवाल ने अपने राजनीतिक करियर में जोखिम भरा कदम उठाया। लेकिन दिल्ली की सड़कों से भीड़भाड़ और वायु प्रदूषण कम करने के लिए एक साहसिक कदम है। पिछले साल फॉर्चून ने मोदी के प्रति आशावादी रुख अपनाते हुए उन्हें इस सूची में शामिल किया था। मैगजीन ने कहा था कि मोदी भारत को बिजनेस-फ्रेंडली और कम नियमन वाला देश बनाने का काम कर रहे हैं।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें